शहर में बेकार पड़ी प्लास्टिक की बोतलों का इस्तेमाल अब सड़क मरम्मत के लिए किया जा सकेगा। प्लास्टिक कचरे के निस्तारण के साथ ही उसके उपयोग का नया रास्ता तलाशा जा रहा है। इस पहल से पर्यावरण के लिए चुनौती बन रही बोतलों को निर्माण कार्यों में उपयोगी बनाया जा सकेगा। देहरादून में इस परियोजना को शुरू करने के लिए जगह की व्यवस्था की जा रही है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
प्लास्टिक कचरे की बढ़ती समस्या से निपटने और उसके पुनः उपयोग को बढ़ावा देने के लिए टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (टीएचडीसी) पहल करने जा रहा है। इसके तहत प्लास्टिक की खाली बोतलों को एकत्र कर उनका प्रसंस्करण किया जाएगा और उससे सड़क मरम्मत में इस्तेमाल होने वाली उपयोगी निर्माण सामग्री तैयार की जाएगी। इस योजना से जहां प्लास्टिक कचरे के निस्तारण को नई दिशा मिलेगी, वहीं सड़क रखरखाव के लिए वैकल्पिक सामग्री विकसित करने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
विज्ञापन
योजना को धरातल पर उतारने के लिए टीएचडीसी ने नगर निगम से भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा है। नगर निगम प्रशासन ने भी इस पहल पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द भूमि उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है। भूमि मिलने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बेकार समझे जाने वाले प्लास्टिक को उपयोगी संसाधन में बदलने का अवसर
टीएचडीसी के मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन, प्रशासन एवं कॉर्पोरेट संचार) डॉ. एएन त्रिपाठी ने बताया कि योजना के तहत प्रतिदिन एकत्र होने वाली प्लास्टिक की खाली बोतलों को प्रसंस्कृत कर उपयोगी निर्माण सामग्री में परिवर्तित किया जाएगा। इस सामग्री का इस्तेमाल सड़क मरम्मत के कार्यों में करने की योजना है। इससे बेकार समझे जाने वाले प्लास्टिक को उपयोगी संसाधन में बदलने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक कचरे का उचित प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण की बड़ी जरूरत है। खुले में फेंकी जाने वाली प्लास्टिक की बोतलें पर्यावरण के लिए चुनौती बनती हैं।
ऐसे में उनके व्यवस्थित संग्रहण और पुनः उपयोग से कचरे का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही सड़क मरम्मत में वैकल्पिक सामग्री के इस्तेमाल की दिशा में भी यह पहल उपयोगी साबित हो सकती है। इस परियोजना के लिए नगर निगम की ओर से भूमि उपलब्ध कराए जाने की सहमति दी है। परियोजना शुरू होने पर प्लास्टिक बोतलों के संग्रहण, प्रसंस्करण और उपयोग की एक व्यवस्थित व्यवस्था विकसित की जा सकेगी। इससे नगर क्षेत्र में प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
- टीएचडीसी ने प्लांट लगाने के लिए नगर निगम से उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। जल्द भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। -शंभू पासवान, मेयर, ऋषिकेश