नगर निगम प्रशासन निगम क्षेत्र में साफ-सफाई के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहा है। लक्ष्मणझूला रोड स्थित भैरव मंदिर के समीप नाली में कूड़े का ढ़ेर इसकी तस्दीक कर रहा है। आसपास क्षेत्र का कूड़ा भैरव मंदिर के समीप सड़क किनारे जमा किया जाता है। निगम के सफाई कर्मचारी सड़क किनारे जमा कूड़े की सफाई तो कर गए। लेकिन बचे कूड़े नाली धकेल गए।
शनिवार को भैरव मंदिर मंदिर के समीप एकत्रित कूड़े का ढ़ेर सुबह 11 बजे के बाद भी नहीं उठा था। जबकि यह मुख्य मार्ग है। यहां देश विदेश के यात्री आवागमन करते हैं। त्रिवेणी घाट की पार्किंग के समीप जमा कूड़े की सफाई भी दोपहर पौने एक बजे तक साफ नहीं हुआ था। रविवार को अमर उजाला ने नगर निगम के दावे फेल, शहर में लगे कूड़े के ढेर शीर्षक खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया।
हरकत में आए निगम प्रशासन ने त्रिवेणी घाट की पार्किंग में जमा कूड़े की तो सफाई कर दी। भैरव मंदिर के पास कूड़े की सफाई की गई, जो कूड़ा बचा उसे नाली में धकेल दिया गया। कूूड़े के ढेर से बंद नाली बारिश में ओवर फ्लो हो रही है, जिसका सारी गंदगी सड़क पर बह रही है।
शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं। जल्द व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।
- राहुल गोयल, नगर आयुक्त नगर निगम ऋषिकेश