सुबह-शाम पटरी पर सैर कर रहे लोग, दुर्घटना की आशंका से स्थानीय जनप्रतिनिधि चिंतित
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रावाला। देहरादून–डोईवाला रेलखंड पर नकरौंदा क्षेत्र में लोग सुबह-शाम रेलवे ट्रैक पर घूम रहे हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय पार्षद ने लोगों से ट्रैक पर न घूमने की अपील की है। वहीं पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है।
नकरौंदा क्षेत्र में लोग सुबह और शाम को घूमने के लिए रेलवे ट्रैक का प्रयोग कर रहे हैं। यहां सैकड़ों लोग ट्रैक पर घूमते नजर आते हैं। मजे की बात यह है कि न तो रेलवे कर्मी और न ही पुलिस इस ओर ध्यान दे रही है। कई महिलाएं और अन्य लोग नियमित रूप से रेलवे की पटरियों पर घूमते हैं। जबकि रेलवे ट्रैक पर पैदल चलना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि अपनी जान को भी जोखिम में डालना है।
ट्रेनों की तेज रफ्तार और कई स्थानों पर सीमित दृश्यता के कारण समय रहते ट्रेन का पता लगाना मुश्किल हो सकता है। स्थानीय पार्षद राहुल कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक के लिए रेलवे ट्रैक का इस्तेमाल न करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है। सुरक्षित स्थानों पर ही सैर करें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें।