गन्ना पेराई सत्र शुरू होने के पहले सप्ताह से ही भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शुगर मिल ने अब अपने स्रोतों से 10 दिसंबर तक का भुगतान कर किसानों को खुश कर दिया है।
डोईवाला शुगर मिल ने 01 दिसंबर से 10 दिसंबर तक गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान के लिए करीब 8 करोड़ 32 लाख 60 हजार की धनराशि जारी कर दी है। शुगर मिल के अधिशासी निदेशक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि गन्ना समिति डोईवाला को 3 करोड़ 97 लाख 35 हजार, देहरादून समिति को एक करोड़ 85 लाख 89 हजार, ज्वालापुर समिति को 79 लाख 87 हजार, रुड़की को एक करोड़ 28 लाख 44 हजार, पांवटा वैली शुगर केन ग्रोवरस को 20 लाख 72 हजार, शाकुबंरी शुगर केन ग्रोवरस को 6 लाख 39 हजार के अलावा लक्सर को 13 लाख 78 हजार का भुगतान जारी कर दिया गया है।
इस तरह शुगर मिल ने 8 करोड़ 32 लाख 44 हजार की तीसरी किश्त जारी करते हुए अब तक 15 करोड़ 21 लाख 19 हजार का भुगतान कर दिया है। शुगर मिल के भुगतान प्रक्रिया में ऐसा पहली बार हो रहा है कि मिल लगातार किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान त्वरित गति से कर रही है। अधिशासी निदेशक ने किसानों से साफ, स्वच्छ और ताजा गन्ने की आपूर्ति करने का अनुरोध किया है।