- 17 युवाओं ने शुरू किया रिवर राफ्टिंग और कयाकिंग प्रशिक्षण
ऋषिकेश/ढालवाला। उत्तराखंड के 17 युवा, जिनमें नौ युवतियां शामिल हैं, अब रिवर राफ्टिंग और कयाकिंग का प्रशिक्षण लेकर साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की राह तलाशेंगे। सोमवार से शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप में 21 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। आईटीबीपी के पांच विशेषज्ञ प्रशिक्षक युवाओं को तेज रैपिड्स में सुरक्षित राफ्टिंग और कयाकिंग की तकनीक सिखाएंगे।
प्रशिक्षण का शुभारंभ आईटीबीपी कमांडेंट विपिन मिश्रा, असिस्टेंट कमांडेंट विजेंद्र चौहान, गंगा रिवर राफ्टिंग एवं कयाकिंग समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नेगी और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के जल क्रीड़ा विशेषज्ञ भूपेंद्र सिंह ने किया।
धर्मेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि प्रशिक्षण चार चरणों में होगा, जिसमें बेसिक रिवर राफ्टिंग, इंटरमीडिएट रिवर राफ्टिंग, बेसिक कयाकिंग और इंटरमीडिएट कयाकिंग शामिल हैं। युवाओं को नदी की प्रकृति समझने के साथ सुरक्षा मानकों और तकनीकी दक्षता का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को साहसिक खेल एवं पर्यटन में दक्ष बनाकर राज्य में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और राज्य की अर्थव्यवस्था में योगदान दें।
इनका दिया जाएगा प्रशिक्षण
रिवर रनिंग स्किल्स (नदी में बोट संचालन का कौशल)
रैपिड टैकलिंग (तेज बहाव और रैपिड्स से सुरक्षित निकलना)
राफ्ट फ्लिप एवं री-फ्लिप (राफ्ट पलटने पर उसे पुनः सीधा करने की तकनीक)
राफ्ट कंट्रोल (विपरीत परिस्थितियों में राफ्ट पर नियंत्रण)