कृषि उत्पादन मंडी समिति ने मंडी शुल्क की चोरी कर ला रहे देसी घी और बासमती चावल से लदे एक ट्रक को पकड़ा है। मंडी सहायक ने बताया कि घी पतंजलि का है, जो देहरादून ले जाया जा रहा था। राजस्व शुल्क वसूलने के बाद ट्रक को छोड़ दिया।
मंडी समिति के सचल दस्ते ने बीते बुधवार रात चेकिंग के दौरान नेपालीफार्म तिराहा पर एक ट्रक को रोका, जिसमें करीब दो कुंतल 20 किलो देसी घी और डेढ़ कुंतल बासमती चावल लदा हुआ था। मंडी सहायक चंद्रशेखर ने बताया कि चालक से मंडी से संबंधित दस्तावेज तलब करने पर वह आनाकानी करने लगा। ट्रक कब्जे में लेकर हरिद्वार रोड स्थित मंडी समिति कार्यालय ले आए।
बृहस्पतिवार सुबह मैसर्स पतंजलि एग्रो प्राईवेट लिमिटेड हरिद्वार से माल के एवज में मंडी शुल्क 2962, सेस 741, शमन शुल्क 46,300 वसूलने के बाद ट्रक को छोड़ दिया। मंडी सहायक निरीक्षक ने बताया कि पतंजलि का देसी घी तीसरी बार पकड़ा गया है।
वहीं, सचल दस्ते ने बासमती चावल और केले से लदा ट्रक पकड़ा। उनके पास भी मंडी से संबंधित अभिलेख नहीं थे। चावल टीपीजी होलसेल फर्म भगवानपुर से दून विशाल मेगावाट में ले जा रहा था। केला भी हरिद्वार से दून सप्लाई होना था। चावल के एवज में 10,595 और 60 कुंतल केले का 6648 राजस्व वसूला है। सचल दस्ते में मंडी निरीक्षक किशन पाल सिंह, अनुपम सक्सेना, देवेंद्र कुमार, पीआरडी जवान भगवती सिल्सवाल, संजीव कुमार शामिल थे।