जौलीग्रांट। राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत रानीपोखरी क्षेत्र के सिंधवाल गांव में शक्ति केंद्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि इस कार्यक्रम में दूरस्थ क्षेत्र नाहीकला, सतेली, कोटला और सनगांव से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया है। कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण का भाव ही भाजपा की मजबूती है।
डोईवाला और पूरे प्रदेश में भाजपा ने विकास कार्य किए हैं। डोईवाला में हल्द्वाड़ी, जुड्डी, कुड़ियाल सहित कई गांव हैं। जहां वन क्षेत्र होने के कारण अब तक सड़कें नहीं बन पाई थी। दशकों बाद इन क्षेत्रों में सड़कों को मंजूरी मिली है। जिला महामंत्री दीवान सिंह रावत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सभी कार्यकर्ता तैयार हैं। विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़कर उनकी पार्टी जीत दर्ज करेगी। डोईवाला में शिक्षा, चिकित्सा, सड़क, बिजली, पानी आदि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योजनाएं धरातल पर उतरी हैं। इस अवसर पर प्रदीप सिंधवाल, सागर कृषाली, नारायण सिंह मनवाल, तानिया सिंधवाल, मनीषा तिवाड़ी, ओंकार सिंधवाल आदि उपस्थित रहे।