ढालवाला स्थित पुष्पा बडेरा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के छात्रों की प्री-बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का अभिभावकों ने अवलोकन किया।
विद्यालय में बीते 28 नवंबर से 2 दिसंबर तक प्रथम प्री-बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई थी। जिसकी उत्तर पुस्तिकाओं का शुक्रवार को अभिभावकों और छात्रों ने अवलोकन किया। जिसमें विषय शिक्षकों की ओर से विद्यार्थियों को उपचारात्मक सुझाव दिए गए। छात्राें की प्रगति के लिए अभिभावकों ने भी अपने सुझाव प्रकट किए।
विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक वीरेंद्र किशोर गौड़ ने कहा कि छात्र अपना लक्ष्य निर्धारित करें और उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्य योजना बनाएं। सुबह जल्दी उठकर नियमित अध्ययन करें। कार्यक्रम में सभी छात्रों को ऑनलाइन माध्यम से वैश्विक निवेशक सम्मेलन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इस मौके पर दिनेश सकलानी, अनीता भट्ट, नवनीश शर्मा, प्रभाकर भट्ट, सुनील राजपूत, विशन नेगी, आशीष चौहान, दिवीशंकर नैथानी आदि मौजूद रहे।