श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पं. ललित मोहन शर्मा ऋषिकेश परिसर में योग विज्ञान विभाग की ओर से द्वितीय एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय षटकर्म कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें 10 विदेशी साधकों ने भी प्रतिभाग किया।
शुक्रवार को आयोजित कार्यशाला में विवि निदेशक प्रो. महावीर सिंह रावत ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। निदेशक ने विदेशी साधकों को भारतीय संस्कृति की धरोहर योग विधा के प्रचार प्रसार के लिए प्रेरित किया। जिसका विदेशी साधकों ने स्वागत किया। निदेशक ने कहा कि जल्द ही परिसर की ओर से विदेशी समूह के निदेशक से एमओयू किया जाएगा। विदेशी साधकों ने खुशी व्यक्त करते हुए दोबारा योग कार्यशाला में शामिल होने की इच्छा जताई।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एनके जोशी ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर इस सफल कार्यशाला के लिए शुभकामनाएं दी। एमए योग की छात्रा आकृति और पूर्णानंद डिग्री काॅलेज मुनि की रेती के राहुल कुमार, दिव्यांश ने शिव तांडव स्तोत्र की शानदार प्रस्तुति दी। इस मौके पर प्रो. डीसी गोस्वामी, प्रो. वीके गुप्ता, डॉ. जयप्रकाश कंसवाल, योग प्रवक्ता चंद्रेश्वरी नेगी, डाॅ. वीना रयाल, हिमानी नौटियाल, अजय रणाकोटी, दीक्षा पोरवाल आदि शामिल रहे।