गुलदार की खाल के साथ एसओजी के हत्थे चढ़ा वन्यजीव तस्कर।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। टिहरी जिले की एसओजी टीम ने वन्यजीव तस्करी के मामले में थाना मुनिकीरेती क्षेत्र अंतर्गत गरुड़चट्टी पुल के समीप एक व्यक्ति को गुलदार की खाल के साथ पकड़ा। भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 संशोधन 2006 के तहत आरोपी के खिलाफ थाना मुनिकीरेती में मुकदमा किया गया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची नरेंद्रनगर वन प्रभाग मुनिकीरेती की टीम ने खाल की जांच की।
एसओजी टीम प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर उन्होंने बीते शनिवार दोपहर को गरुड़चट्टी पुल के समीप प्रकाश (55) पुत्र घनश्याम, निवासी यमकेश्वर ब्लॉक ग्राम बुकंडी, पट्टी तल्ला उदयपुर, थाना लक्ष्मणझूला, जनपद पौड़ी गढ़वाल, को गुलदार की खाल के साथ पकड़ा। नरेंद्रनगर वन विभाग मुनिकीरेती के डिप्टी रेंजर बलबीर सिंह पंवार और वन दरोगा अनुज उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर गुलदार की खाल की जांच की। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खाल की कीमत लाखों रुपये है। टीम में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष कुमार, योगेंद्र सिंह, उबैदुल्ला शामिल थे।
बरामद माल
गुलदार की खाल लगभग एक सप्ताह पुरानी है। जिसकी उम्र लगभग 5 से 6 वर्ष है। गुलदार की खाल, ( पूंछ सहित लम्बाई 2.40 मी, बीना पूंछ के लम्बाई 1.40 मी., अगले दाये बाये पंजों के बीच की चौडाई 1.15 मी, पिछले दांये बांये पजों के बीच की चौडाई .90) है।
----------
आरोपी से पूछताछ
आरोपी ने बताया कि जहां वह रहता है वहां घना जंगल है, जहां गुलदार आदि जंगली जानवर अधिक तादात में है। अक्सर वहां बाहरी बाबाओं का आना जाना लगा रहता है। जिन्हें पूजा/तन्त्र विद्या के लिए गुलदार की खाल की आवश्यकता पड़ती है। जिसके लिए वह उसे अच्छी खासी रकम देते हैं। इसी लालच में उसने ये काम किया है।