यमकेश्वर-कांडी मोटर मार्ग पर एक बाइक बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि एक अन्य घायल को ऋषिकेश सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम बाइक पर सवार दो लोग यमकेश्वर तहसील से लौट रहे थे।
करीब 24 किलोमीटर का फासला तय कर जैसे ही दिउली से तीन किमी पहले पइयाखाल में शराब के ठेके के पास पहुंचे, तभी उनका संतुलन बिगड़ा और बाइक गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसा होते देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिना मौका गंवाए खाई में उतर गए।
उन्होंने बमुश्किल घायलों को ऊपर सड़क तक लाया और 108 आपातकालीन सेवा से ऋषिकेश सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने ध्यानपाल सिंह (50) पुत्र स्व. मान सिंह निवासी डोबरा मराल, पौड़ी गढ़वाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर घायल देवेंद्र सिंह (40) पुत्र स्व. गोविंद राम निवासी ग्राम आर्स, दुआधार, टिहरी गढ़वाल को भर्ती किया।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने बताया कि परिजनों को हादसे के बारे में सूचित कर दिया गया है।
आय प्रमाण पत्र बनवाने गए थे
अस्पताल में पहुंचे मृतक के फुफेरे भाई मुकेश कुमार ने बताया कि ध्यानपाल यमकेश्वर तहसील में आय प्रमाणपत्र बनवाने के लिए दोस्त के साथ बाइक से गया था। बाइक दोस्त चला रहा था, जिसने हेलमेट पहना हुआ था। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से ध्यानपाल की मौत हो गई। उसने बताया कि मृतक राजमिस्त्री था। वह अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों का भरापूरा परिवार छोड़ गया है।