निरीक्षण के बाद डायग्नोस्टिक सेंटर से बाहर निकलते पीएनडीटी अधिकारी।
- फोटो : RISHIKESH
दिल्ली से पहुंची पीएनडीटी (प्री नेटल डायग्नोस्टिक टेक्नीक्स एक्ट) के अधिकारियों की टीम ने डायग्नोस्टिक सेंटरों की जांच की। जांच की भनक जब सेंटरों के संचालकों को लगी तो हड़कंप मच गया। हालात ये रहे कि कई डायग्नोस्टिक सेंटर संचालकों ने शटर डाउन कर ताला लटका दिया। शुक्रवार को दिल्ली से पीएनडीटी के अधिकारियों की एक टीम तीर्थनगरी पहुंची। यहां उन्होंने उपजिलाधिकारी प्रेमलाल के साथ शहर के विभिन्न डायग्नोस्टिक सेंटरों में चेकिंग अभियान चलाया।
पहले निर्मल अस्पताल पहुंचकर वहां के डायग्नोस्टिक सेंटर का निरीक्षण किया। इसके बाद वह व्यापार सभा के समीप स्थित सोनम डायग्नोस्टिक सेंटर का निरीक्षण कर दोनों सेंटरों के रजिस्ट्रेशन दस्तावेज खंगाले। सेंटरों में गर्भवती महिलाओं के लिए बाथरूम की व्यवस्थाओं को जांचा और साफ-सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के भरे जाने वाले फार्म-एफ का निरीक्षण किया। इस दौरान शहर भर के डायग्नोस्टिक सेंटरों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।