I
I
I
Iफेकल्टी सदस्यों, एसआर, जेआर के लिए व्याख्यान सत्र भी आयोजितI
एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एम्स के जनरल मेडिसिन विभाग की ओर से अस्पताल के विभिन्न ओपीडी एरिया में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। मरीजों और उनके तीमारदारों को एंटीबायोटिक दवाओं के ज्यादा इस्तेमाल से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई।
एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह के निर्देशन में जनरल मेडिसिन विभाग की ओर से वर्ल्ड एंटी माइक्रोबियल अवेयरनेस वीक मनाया जा रहा है। मंगलवार को अस्पताल परिसर के ओपीडी एरिया में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को एंटीबायोटिक दवाओं से शरीर में होने वाले विपरीत प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। चिकित्सा अधीक्षक प्रो. आरबी कालिया ने मरीजों और उनके तीमारदारों से आह्वान किया कि फिजिशियन की सलाह के बिना एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन कतई न करें। कहा कि कुछ लोग अपनी मर्जी से लंबे समय तक एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन करते हैं। मरीजों और उनके तीमारदारों ने चिकित्सकों से दवाओं के उपयोग के बारे में कई सवाल-जबाव भी किए।
एक अन्य कार्यक्रम के दौरान इंटीग्रेटेड एंटी माइक्रोबॉयल स्टीवर्डशिप फाउंडेशन कोर्स पर फेकल्टी सदस्यों, एसआर, जेआर आदि के लिए व्याख्यान सत्र भी आयोजित किया गया। सत्र में दवाओं की सेवन विधि, सैंपल कलैक्शन विधि, तकनीक और सैंपल के स्टोरेज आदि के बारे में जानकारियां दी गई। इस मौके पर जनरल मेडिसिन विभागाध्यक्ष डाॅ. रविकांत, डाॅ. पीके पांडा, काॅलेज ऑफ नर्सिंग फेकल्टी डाॅ. मनीष शर्मा, मुख्य नर्सिंग अधिकारी रीटा शर्मा, कॉलेज ऑफ नर्सिंग की राखी मिश्रा, डीएनएस वंदना, कल्पना, गिरिराज आदि मौजूद रहे।