ऋषिकेश। बैराज रोड स्थित वीरभद्र में शीघ्र ही लगभग आठ करोड़ रुपये की लागत से 33केवी का विद्युत सब स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। यह जानकारी विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कैंप कार्यालय में ऊर्जा निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद दी।
बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लो-वोल्टेज की समस्या से लेकर, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि एवं नए विद्युत तारों के बिछाने और खंभों को बदलने संबंधित विषयों पर जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर ऊर्जा निगम के ईई डीपी सिंह ने बताया कि वीरभद्र बिजली घर के परिसर में 33 केवी का विद्युत सब स्टेशन बनाया जाना है। इसमें ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के वीरभद्र, छिद्दरवाला, श्यामपुर, मालवीय नगर, मीरा नगर, गुमानीवाला और अमित ग्राम सहित अन्य क्षेत्रों के लगभग 7000 उपभोक्ताओं की लो वोल्टेज की समस्या का समाधान होगा। अधिकारियों ने बताया कि इंटीग्रेटेड पावर डेवलपमेंट स्कीम के तहत विद्युत सब स्टेशन का निर्माण किया जाना है। अधिकारियों ने बताया कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में विगत तीन महीनों में 27 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की गई है। वहीं, 13 नए ट्रांसफार्मर लगाकर लो वोल्टेज की समस्या का निदान किया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 15 किलोमीटर नए विद्युत तार बिछाए गए हैं। इस अवसर पर ऋषिकेश ग्रामीण, रायवाला के उपखंड अधिकारी राजीव कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद थे।