स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) से अब छात्र-छात्राएं बैचलर ऑफ फार्मेसी (बी फार्मा) कोर्स भी कर सकेंगे। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) से एसआरएचयू को इसके लिए मान्यता मिल गई है।
एसआरएचयू के अधीन संचालित हिमालयन स्कूल ऑफ फार्मास्यूटिकल्स साइंसेज (एचएसपीएस) में इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। एसआरएचयू के कुलाधिपति डॉ. विजय धस्माना ने कहा कि छात्र-छात्राओं की लंबे समय से मांग को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने बैचलर ऑफ फार्मेसी कोर्स संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए विश्वविद्यालय परिसर में हिमालयन स्कूल ऑफ फार्मास्यूटिकल्स साइंसेज (एचएसपीएस) संस्थापित किया गया है।
60 सीटों पर होगा प्रवेश
हिमालयन स्कूल ऑफ फार्मास्यूटिकल्स साइंसेज में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आधुनिक लैब के साथ छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाओं के बीच अध्ययन कराया जाएगा। इसके लिए 60 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं (अंग्रेजी विषय के साथ फिजिक्स, कैमेस्ट्री, गणित/बायोलॉजी) कम से कम 50 फीसदी नंबर अनिवार्य हैं। विवि की वेबसाइट पर www.srhu.edu.in पर भी सारी जानकारी उपलब्ध है। इसके अलावा अभ्यर्थी ईमेल admissionssrhu.edu.in पर संपर्क कर सकते हैं।