सावधान, यदि आपके जानवर तीर्थक्षेत्र लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम क्षेत्र के मुख्य बाजार, गंगा घाटों और तटों पर घूम रहे हैं तो उन्हें समय रहते अपनी गोशालाओं में बांध लें। सार्वजनिक स्थानों पर लावारिस पशु देसी-विदेशी सैलानियों, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों के लिए परेशानी का सबब और दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।
पशु पालकों के खिलाफ पुलिस जल्द नोटिस तामील की कार्रवाई करने जा रही है। बता दें अंतरराष्ट्रीय आवाजाही वाले तीर्थ और पर्यटक स्थल स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला में बाजार, गंगा तटों, घाटों, सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशु गंदगी के साथ ही दुर्घटना का कारण बने हुए हैं।
नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक प्रशासन अभी तक इनके लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं कर पाई है। पौड़ी जिला प्रशासन भी हरबार इसकी अनदेखी करता रहा है। लिहाजा पशुओं को सार्वजनिक स्थानों से हटाने के लिए अब पुलिस पहल करने की तैयारी में है।
एसपी पौड़ी राजीव स्वरूप ने थाना लक्ष्मणझूला पुलिस को क्षेत्र में घूमने वाले पशुओं की रोकथाम के लिए उन्हें चिह्नित कर संबंधित पशु पालकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि संबंधित लोगों के खिलाफ नोटिस की कार्रवाई जल्द अमल में लाई जाएगी।
बताया कि अन्य निराश्रित जानवरों को कांजी हाउस भेजा जाएगा। इसके बाद भी आसपास के क्षेत्र में जानवर घूमते हुए पाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
चेकिंग के दौरान 60 के कटे चालान
मुनिकीरेती। पौड़ी एसपी के निर्देश पर थाना लक्ष्मणझूला पुलिस का क्षेत्र में चेकिंग अभियान कार्यक्रम जारी है। रविवार को पुलिस ने चेकिंग के दौरान 60 दुपहिया और चौपहिया वाहनों के चालान काटे। इसके अलावा उन्होंने छह हजार पांच सौ रुपये का राजस्व भी वसूला। लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि चेकिंग अभियान जारी रहेगा।