तीर्थक्षेत्र लक्ष्मणझूला में गंदगी का पर्याय बने लक्ष्मणझूला चौक को सामाजिक संस्थाओं के स्वयंसेवियों ने चमकाया और जहां तहां डंप गंदगी का सफाया किया। चौक पर लगी लक्ष्मण की मूर्ति की पानी से धुलाई की। सामाजिक संस्था के सदस्यों की इस मुहिम की सभी ने सराहना की।
तपोवन लक्ष्मणझूला क्षेत्र अर्द्धकुंभ में शामिल है, लेकिन मेला प्रशासन की ओर से सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं हो रही है। ऐसे में लक्ष्मणझूला का मुख्यद्वार लक्ष्मणझूला चौक गंदगी के चलते कूड़ेदान में तब्दील है।
मंगलवार को सामाजिक संस्था प्रयत्न और सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति ने लक्ष्मणझूला चौक की सफाई का बीड़ा उठाया। हाथ में झाड़ू लेकर संस्थाओं के स्वयंसेवियों ने संयुक्त रूप से चौक और उसके आसपास फैले कूड़े कचरे को एकत्रित कर उसका निस्तारण किया। चौक पर धूल और गंदगी से पटी लक्ष्मण की मूर्ति की पानी से धुलाई की।
प्रयत्न संस्था के संस्थापक अध्यक्ष अश्वनी गुप्ता और सार्वजनिक पूजा समिति अध्यक्ष शंकर राय ने बताया कि प्रत्येक रविवार को लक्ष्मणझूला चौक पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। अभियान में मिन्हाल हाशिम, हरि सिंह रावत, दिनेश शर्मा, महेंद्र शर्मा, अजय कोठारी, लोकपाल ब्रह्मचारी, मनीष अरोड़ा, सागर राय, मनोज कुमार, बीपी भट्ट, अनिल कंडवाल, पंकज व गिरीश आदि शामिल थे।