उत्तराखंड हतकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद के तत्वावधान में पुराना रोडवेज बस स्टैंड परिसर में गांधी शिल्प बाजार-2016 शुरू हो गया। इस दौरान मुख्य अतिथि मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने कहा कि सरकार राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रही है।
खासकर पहाड़ों से जारी पलायन को रोकने के लिए हस्तशिल्प के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। रविवार को बंगाली मंदिर मार्ग स्थित पुराना रोडवेज बस अड्डा परिसर में मुख्य अतिथि श्रम, सेवायोजन और खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने गांधी शिल्प बाजार का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि सरकार पहाड़ों से जारी पलायन को रोकने के लिए हस्तशिल्प के विकास में जुटी है। रोजगार के संसाधन सीमित हैं, ऐसी स्थिति में युवा और बेरोजगार स्वरोजगार के लिए हस्तशिल्प को चुन सकते हैं। सरकार ऐसे लोगों की हरसंभव मदद को तैयार है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का हरसंभव प्रचार भी किया जा रहा है।
ताकि उद्यमियों के उत्पादों की बिक्री बढ़े। विशिष्ट अतिथि विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि सरकार को हस्त शिल्पियों को बेहतर सुविधाएं और विपणन की व्यवस्था करनी होगी, तभी हस्तशिल्प को बढ़ाया जा सकता है। उद्योग निदेशालय के प्रतिनिधि ने बताया कि गांधी शिल्प बाजार का उद्देश्य विभिन्न प्रांतों के सुदूर गांवों में हस्तशिल्प कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। इस अवसर पर अपर निदेेशक उद्योग सुधीर चंद्र नौटियाल, इलियाज खान, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सदस्य दिनेश व्यास, मेवाराम, अनिल चंदोला आदि मौजूद थे।