ऋषिकेश। मीरा नगर गली नंबर-20 में शुक्रवार दोपहर एक नंदी अचानक दुकान की छत पर पहुंच गया। करीब चार से पांच घंटे तक छत पर बैठे नंदी को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुटी रही। लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाए और इस अनोखे घटनाक्रम का आनंद लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गली में सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण सामग्री और मिक्सर मशीन के कारण रास्ता बाधित था। इसी दौरान पीछे की ढलान से आया नंदी संतुलन बनाते हुए पास की दुकान की छत पर पहुंच गया और वहीं बैठ गया। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने नंदी को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी मशक्कत की। कई घंटे की कोशिश के बाद उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया। गनीमत रही कि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय निवासी प्रमोद प्रसाद, राहुल, राजकुमार और दिनेश ने बताया कि मीरा नगर की सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त थी और वर्तमान में नगर निगम की ओर से इसका निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण के दौरान रास्ता संकरा होने के कारण यह अनोखी घटना सामने आई। संवाद