राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) की कार्रवाई से नाराज लक्ष्मणझूला होटल एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार को एक बैठक की। इसमें लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम के होटल व्यवसायी शामिल हुए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से क्षेत्र में होटल व्यवसायियों को परेशान न करने की मांग की है।
एसोसिएशन अध्यक्ष नरेंद्र धाक्कड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में होटल व्यवसायियों ने कहा कि एनजीटी उन्हें गंगा प्रदूषण के नाम पर बेवजह परेशान कर रही है। क्षेत्र में गंगा किनारे ऐसा कोई होटल नहीं है जिसकी गंदगी गंगा में प्रवाहित हो रही है।
क्षेत्र में तीन एमएलटी का सीवर ट्रीटमेंट प्लांट है जिसमें सभी होटल व्यवसायियों ने अपना सीवर कनेक्शन जोड़ा हुआ है। उसके बावजूद उन्हें अनावश्यक परेशान किया जा रहा है। कहा, समस्या से निजात पाने के लिए एसोसिएशन का एक दल शीघ्र ही केंद्र और मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। बैठक में डॉ. नारायण सिंह रावत, इंद्र प्रकाश अग्रवाल, नवीन राणा, अशोक अग्रवाल, संजय अग्रवाल, सचिन चोपड़ा, अनिल मल्होत्रा, राजेंद्र राणा, महेश प्रधान और उदय सिंह नेगी आदि थे।