ऋषिकेश। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज मैदान में लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल की ओर से लायंस दिवाली मेले का आयोजन किया गया। मेले में मिस ऋषिकेश प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मुस्कान मिस ऋषिकेश 2025 चुनी गईं।
विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने मेले का उद्घाटन किया। नगर उद्योग के महामंत्री प्रतीक कालिया ने भी बच्चों एवं युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ऋषिकेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाते हैं। पूरे मेले में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम रही।
विदुषी सकलानी ने जूनियर डांस में प्रथम स्थान प्राप्त किया। फ्लो होपर ने सीनियर डांस में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों की वाहवाही लूटी। वन डाइरेक्शन क्रू ने ग्रुप डांस में अपने शानदार प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया। अवंत सिंह ने सिंगिंग कैटेगरी में अपनी मधुर आवाज से समा बांध दिया। मेले में मिस ऋषिकेश 2025 प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतिभागियों ने भारतीय पारंपरिक परिधानों में आकर्षक रैंप वॉक कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद मुस्कान को मिस ऋषिकेश 2025 का ताज पहनाया गया। मन्नत प्रथम रनरअप और पूजा दूसरी रनरअप रहीं। इस मौके पर क्लब अध्यक्ष पंकज चंदनानी, अंकुर अग्रवाल, सागर ग्रोवर, सुमित चोपड़ा आदि शामिल रहे।