मुनिकीरेती। सिंगटाली में बनने वाले मोटर पुल को कौड़ियाला में दूसरी जगह में शिफ्ट करने को लेकर सीएम के आश्वसन के बाद ग्रामीण मान गए हैं। मोटर पुल अब सिंगटाली की बजाय करीब तीन किलोमीटर पीछे कौड़ियाला के पास बनेगा।
यमकेश्वर विधायक ऋतु खंडूड़ी ने बताया कि छह महीने पहले सिंगटाली में बनने वाले मोटरपुल को दूसरी जगह पर शिफ्ट करने को लेकर एक एनजीओ ने शासन में आवेदन किया था। इस पर दो जनवरी को शासन में बैठक हुई और लोक निर्माण विभाग को पुल दूसरी जगह बनाने के आदेश दिए गए। इसको लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश था। इस बाबत बीते बृहस्पतिवार को विधायक ऋतु खंडूड़ी के नेतृत्व में स्थानीय प्रतिनिधिमंडल ने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से सचिवालय में मुलाकात की थी। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से मोटर पुल को दूसरी जगह शिफ्ट करने को लेकर आपत्ति जताई थी। इस पर सीएम ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन देते हुए कहा है कि सिंगटाली में बनने वाला मोटरपुल कौड़ियाला के नजदीक ही बनेगा। इसके लिए पुल का जल्द सर्वे और अन्य औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि ढांगू क्षेत्र के विकास कार्यों के प्रस्ताव जल्द ही मांगे जाएंगे। सीएम के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने भी सहमति जता दी है। प्रतिनिधि मंडल में सत्य प्रसाद बड़थ्वाल, विनोद बड़थ्वाल, भारत सिंह रावत दाताराम बड़थ्वाल, विक्रम बिष्ट, राजीव बिष्ट आदि ग्रामीण उपस्थित रहे।