जौलीग्रांट। देहरादून क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाली सौंग, जाखन आदि नदियों में बरसात के बाद खनन कार्य की शुरुआत कर दी गई है। रानीपोखरी जाखन नदी में शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों ने खनन कार्यों का शुभारंभ किया।
वन विकास निगम ने आरक्षित वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सौंग और जाखन नदी में खनन कार्य की शुरुआत की है। देहरादून क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आरक्षित वन क्षेत्र की नदियों से करीब 20 लाख टन खनन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वन विकास निगम की प्रबंध निदेशक नीना ग्रेवाल और वन विभाग के अधिकारियों की ओर से खनन कार्य का शुभारंभ करते हुए कहा गया बरसात के बाद दोबारा सौंग, जाखन आदि नदियों में खनन कार्य की शुरुआत की गई है।
डीएफओ वैभव कुमार ने कहा कि नदियों को चैनलाइज कर निर्धारित मापदंड़ों के अनुसार खनन कार्य किया जाएगा। डीएलएम ऊषा पुरी, एसडीओ डॉ उदय गौड, रेंजर एनएल डोभाल, ग्राम प्रधान सुधीर रतूड़ी आदि उपस्थित रहे।
विकास कार्यो में सहयोग करे वन विकास निगम
जौलीग्रांट। ग्राम प्रधान सुधीर रतूड़ी ने कहा कि उनकी पंचायत से बहने वाली नदी जाखन से वन विकास निगम करोड़ों रुपये की कमाई कर रहा है लेकिन गांव के विकास के लिए अभी तक कोई मदद नहीं की गई है। श्रमिकों के सत्यापन और शौचालय बनाने की मांग रखी। वन विकास निगम के अधिकारियों ने कहा कि विकास कार्यों के लिए उनके द्वारा पैसे को संबधित मद में जमा कराया जाता है। श्रमिकों का सत्यापन जरूरी करवाया जाएगा।