नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक के वार्ड नंबर तीन सभासद जितेंद्र धाकड़ ने भवन कर माफ करने के लिए निकाय के अधिशासी अधिकारी दीपक शर्मा के माध्यम से शहरी विकास सचिव को ज्ञापन भेजा है। समस्या का समाधान नहीं होने पर निकाय कार्यालय में तालाबंदी और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने अवगत कराया कि दिसंबर 2021 में निकाय की बोर्ड बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसमें 2020-21 के गृहकर माफ करने की बात थी। उनका कहना है कि कोरोना काल के दौरान क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही न होने की वजह से गेस्ट हाउस, होटल, घरों आदि की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई थी। इस बारे में कई बार निकाय स्तर से शासन को भी अवगत कराया जा चुका है। बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।