ऋषिकेश। बापूग्राम, शिवाजीनगर, मीरानगर, नंदूफार्म, गीतानगर, गुमानीवाला समेत अन्य जगहों पर वन भूमि मामले को लेकर मेयर शंभू पासवान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वन मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात की। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
मेयर ने मुख्यमंत्री और वन मंत्री को अवगत कराया कि 22 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर नगर निगम के करीब 12 वार्ड प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों की समस्या का समाधान हो इसके लिए शासन स्तर पर जल्द से जल्द इसके लिए कोई ठोस रणनीति तैयार करें, जिससे लोगों को वन भूमि प्रकरण से राहत मिले। उन्होंने मुख्यमंत्री को चंद्रभागा नदी के दोनों ओर पक्के तटबंधों का निर्माण, चंद्रेश्वर मंदिर और त्रिवेणी घाट को जोड़ने के लिए पुल का निर्माण समेत विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।