- बाजार में 20 से लेकर 200 रुपये तक की बिक रहीं राखियां
ऋषिकेश। रक्षाबंधन का पर्व नजदीक आते ही शहर के बाजार राखियों से सजने लगे हैं। ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों से महिलाएं और युवतियां राखी की खरीदारी के लिए ऋषिकेश पहुंच रही हैं। वहीं, कई युवतियां बाजार से राखी खरीदकर डाकघर के माध्यम से बाहरी राज्यों और विदेशों में रह रहे अपने भाइयों को भेज रही हैं। घाट रोड के व्यापारी विजय मोहन ने बताया कि इस बार तुलसी, रुद्राक्ष और चंदन की राखियों की विशेष मांग है। महिलाएं और युवतियां इन्हें शुभ मानते हुए दूर-दराज के राज्यों में रह रहे भाइयों को डाक के माध्यम से भेज रही हैं। इसके अलावा बच्चों के लिए रंग-बिरंगी लाइटों वाली राखियां भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
रेलवे रोड, तिलक रोड, घाट रोड, क्षेत्र रोड, सुभाष चौक और घाट चौक पर राखियों की दुकानें सजने लगी हैं। व्यापारी विजय मोहन के ने बताया कि बाजार में 20 रुपये से लेकर 200 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। इनमें चंदन, तुलसी, रुद्राक्ष, तिरंगा, कुंदन, बच्चों की लाइट वाली राखी, लुंबा राखी, भैया-भाभी राखी के साथ एशियन डायमंड, मोती और जरकन जड़ी राखियां शामिल हैं। दुकानदारों के अनुसार पर्व नजदीक आने के साथ राखियों की बिक्री में और तेजी आने की उम्मीद है।