ऋषिकेश। बाजार में दिवाली के त्योहार पर फूलों की काफी मांग रही। लोगाें ने अपने घरों की सजावट के लिए गेंदे के फूल और पत्ते वाली माला खरीदकर अपने घराें के आंगन और दहलीज पर लगाई। अन्य दिनों में सब्जी और फास्ट फूड का कारोबार करने वाले लोग सुबह से फूलों की माला, पत्तियों की माला और खुले फूल बेच रहे हैं।
फुटकर में गेंदा का फूल 200 रुपये किलो बेचा जा रहा है। तीन मीटर लंबी गेंदे की माला 120 रुपये में बेची जा रही है। तीन मीटर लंबी अशोक के पत्तियों की माला 80 से 100 रुपये की बेची जा रही है। लोग भी तुरंत फूलों और पत्तियों की माला खरीद रहे हैं। गेंदा के फूल और पत्तियों की माला बेच रहे भीम शाहू ने बताया कि वह हर साल दिवाली में फूलों और अशोक की पत्तियाें की माला बेचते हैं। इस बार भी करीब दो कुंतल से अधिक गेंदा का फूल हरिपुर कलां से खरीदा था। जबकि अशोक के पत्ते स्थानीय स्तर से लाए थे। उन्होंने बताया फूलों की माला और पत्तियां बेचने में काफी फायदा हो जाता है।