पिछले दो वर्षो की तुलना में मार्च महीने में अधिकतम तापमान करीब दो डिग्री कम रहा है। वहीं इस मार्च की बारिश ने पिछले वर्ष मार्च में हुई बारिश के भी रिकॉर्ड तोड़े हैं।
बारिश के कारण मार्च में कम तापमान के चलते रबी की फसलों को लाभ मिला है। वहीं, प्रकृति और पर्यावरण भी लाभान्वित हुए हैं। बारिश के कारण वनाग्नि की भी क्षेत्र के तीनों रेंज में आग की कोई घटना दर्ज नहीं की गई। जिससे जंगल में पेड़ों पर मनमोहन फूल खिले हुए हैं। खासकर साल का जंगल खूब हरा भरा दिखाई दे रहा है।
बारिश से वातावरण की धूल आदि साफ हो गई है, जिससे दृश्यता भी अच्छी हो गई है। जौलीग्रांट क्षेत्र से थानो और भोगपुर की पहाड़ियां एकदम साफ और स्वच्छ दिखाई दे रही हैं। ऊंची पहाड़ियों पर लगाए गए मोबाइल टॉवर, मकान आदि भी साफ देखे जा सकते हैं।
एयरपोर्ट मौसम विभाग ने इस मार्च माह में अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया है। पिछले वर्ष मार्च माह में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री और 2024 मार्च में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री दर्ज किया था। इस वर्ष मार्च में कुल 63.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जबकि पिछले वर्ष मार्च में 22 मिमी और 2024 में कुल 88.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। जिससे इस वर्ष मार्च का महीना तापमान और बारिश दोनों दृष्टि से अच्छा बीता है।
-
इस मार्च में हुई अच्छी बारिश से वनों काे काफी लाभ मिला है। जिससे अभी तक वनाग्नि की कोई भी घटना रेंज में नहीं हुई है। बारिश के कारण पर्यावरण, जंगलों और वन्य जीवों को काफी लाभ मिला है। - एनएन डोभाल, रेंजर थानो रेंज