ऋषिकेश। थाना रायवाला अंतर्गत हरिपुरकलां में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। थाना रायवाला पुलिस ने व्यक्ति के शव का पंचनामाभर शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है।
थाना रायवाला प्रभारी अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि बीते मंगलवार देररात उन्हें सूचना मिली की इंटर कॉलेज के पास हरिपुरकलां रायवाला में एक व्यक्ति ने अपने आप को कमरे में बंद कर दिया है और वह खुदकुशी करने की कोशिश कर रहा है। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से बंद कमरे के दरवाजे को तोड़ा। जहां व्यक्ति फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पास में एक डिब्बी पड़ी थी। आनन-फानन में व्यक्ति को 108 सेवा की मदद से एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में भर्ती किया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना पुलिस ने व्यक्ति की पहचान विनोद नौटियाल (38) पुत्र चिंतामणी नौटियाल, ग्राम बैराजकुंड, विकासघाट जनपद चमोली के रूप में की है। थाना पुलिस ने व्यक्ति के मौत के कारण संभवत: विषाक्त पदार्थ को सेवन बताया है। थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।