-पुलिया की रेलिंग तोड़कर खड्ड में गिरते-गिरते बची कार, संकरी पुलिया बनी खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
यमकेश्वर। लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मोटर मार्ग पर रविवार रात करीब साढ़े 8 बजे एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में हुआ। कार पुलिया की रेलिंग से टकराकर खड्ड में गिरने से बाल-बाल बची।
हादसे में पुलिया की आरसीसी पिलर और लोहे की रेलिंग टूट गई। गनीमत रही कि कार सवारों को कोई चोट नहीं आई। बाद में क्रेन की मदद से पुलिया में फंसी कार को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहगीरों ने बताया कि यह पुलिया काफी संकरी है।
बरसात में यहां तीव्र मोड़ होने के कारण अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय वाहन चालकों ने लोक निर्माण विभाग दुगड्डा से टूटी हुई रेलिंग को तत्काल ठीक करने की मांग की है। साथ ही पुलिया को चौड़ा करने और दोनों ओर मजबूत सुरक्षा अवरोधक लगाने की आवश्यकता बताई है। प्रशासन से इस मार्ग पर गति अवरोधक और चेतावनी बोर्ड लगाने की भी मांग की गई है।
विभाग का आश्वासन और प्रस्तावित कार्य
निर्भय सिंह, लोनिवी दुगड्डा के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त पुलिया की रेलिंग को जल्द ही दुरुस्त करवाया जाएगा। अधिशासी अभियंता ने यह भी बताया कि इस पुलिया के बगल में एक नया पुल भी प्रस्तावित है। यह नया पुल भविष्य में मार्ग पर यातायात को सुगम बनाने में सहायक होगा।