नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक क्षेत्र में वर्षभर पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। सैलानियों को सबसे अधिक परेशानी शौचालयों को लेकर होती है। निकाय क्षेत्र में बमुश्किल से कुछ स्थानों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण किया गया है, लेकिन उनपर भी ताले लटके हुए हैं। होली पर्व के चलते क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ रही है, लेकिन निकाय की ओर से पर्यटकों को क्षेत्र में शौचालय की समस्या से जूझना पड़ रहा है। वर्ष 2021-22 में तत्कालीन यमकेश्वर विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने राजकीय इंटर कॉलेज लक्ष्मणझूला की ओर जाने वाली सड़क किनारे और लक्ष्मणझूला थाना और भागीरथी आश्रम के समीप करीब तीन लाख रुपये की लागत से सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया था।सिंचाई खंड दुगड्डा को इसमें कार्यदायी संस्था बनाया गया था। लाखों रुपए खर्च होने के बाद अब स्थिति यह है कि सार्वजनिक शौचालय में ताला लटका हुआ है। स्थानीय लोग और पर्यटकों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।