इसी कार को छोडकर गंगा में कूदा देहरादून का व्यक्ति
- फोटो : RISHIKESH
थाना मुनिकीरेती क्षेत्रांतर्गत देहरादून के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी कार मालाकुंठी पुल के समीप खड़ी कर गंगा में छलांग लगा दी। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने कार की चाभी बरामद कर कार की तलाशी ली तो कार से दो सुसाइड नोट और कागजात बरामद हुए हैं। ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर व्यक्ति की पहचान देहरादून प्रकाश विहार निवासी मनमोहित महवार पुत्र शेर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक कर्ज होने के कारण व्यक्ति मानसिक दबाव में था। घटना संबंधी परिजनों को अवगत करा दिया है।
ब्यासी चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र राठी ने बताया कि उनके नंबर पर रोहित नामक युवक का फोन आया। युवक ने बताया कि मालाकुंठी पुल के समीप एक चाय की दुुुकान पर किसी व्यक्ति के नदी में कूदने की चर्चा चल रही है। सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचे। यहां चाय वाले ने बताया कि दोपहर डेढ़ बजे एक व्यक्ति अपनी कार यूके07-बीएम-6314 से यहां पहुंचा और पैदल पुल पर चला गया। पुल के बीचोंबीच पहुंच कर वह पुल की जाली पर चढ़ा और गंगा नदी में छलांग लगा दी। चौकी इंचार्ज ने बताया कि उक्त घटना के वक्त प्रत्यक्षदर्शी राहुल नेगी और रजनी देवी मौजूद थे।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि पुल के बीचोबीच उन्हें जूते मिले। इसमें कार की चाबी रखी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के सामने ही कार का दरवाजा खोला गया तो एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन, दो सुसाइड नोट, नगद 850 रुपये, इंश्योरेंस कार्ड तथा ड्राइविंग लाइसेंस मिला। पुलिस ने व्यक्ति की पत्नी और पुत्री को घटना से अवगत कराने के बाद कार और सामान अपने कब्जे में रखा है।
मेरे बाद घर का ख्याल रखना...
चौकी इंचार्ज ब्यासी धर्मेंद्र राठी ने बताया कि माला कुंठी पुल के समीप खड़ी कार से दो सुसाइड नोट मिले हैं। गंगा में छलांग लगाने से पहले व्यक्ति ने पत्नी को संबोधित सुसाइड नोट में लिखा है कि मैं अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा हूं। मेरे बाद घर का ख्याल रखना।