जौलीग्रांट देहरादून एयरपोर्ट के टर्मिनल पर प्लास्टिक वस्तुओं को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। एयरपोर्ट पर पेय पदार्थों की पैकेजिंग के लिए इस्तेेमल होने वाली प्लास्टिक की बोतलों से उत्पन्न होने वाले कचरे को नष्ट करने के लिए श्रेडिंग मशीन लगाई गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर बीते साल देश भर के 35 हवाई अड्डों को सिंगल प्लास्टिक मुक्त एयरपोर्ट टर्मिनल बनाया गया था। जिसकी संख्या लगातार बढ़ते हुए 85 तक पहुंच गई है। जिसमें जौलीग्रांट देहरादून एयरपोर्ट भी शामिल है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अब जौलीग्रांट देहरादून एयरपोर्ट टर्मिनल पर सिंगल यूज प्लास्टिक को पूरी तरह से प्रतिबंध कर दिया है। एयरपोर्ट टर्मिनल में अब प्लास्टिक वस्तुएं जिनमें स्ट्रा, प्लास्टिक कटलरी, प्लास्टिक प्लेट आदि मुख्य है, उनको पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। कूड़ादान में बॉयो डिग्रेडेबल कचरा बैग उपयोग किया जा रहा है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट निदेशक डीके गौतम ने कहा कि देहरादून हवाई अड्डे को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त एयरपोर्ट घोषित किया कर दिया गया है। जिससे आधुनिकीकरण और व्यवसायीकरण से प्रकृति को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके। सभी हितधारकों के निरंतर सहयोग के साथ उदेश्य को अपने वास्तविक अर्थो में हासिल करने का प्रयास हो रहा है। हम अपने हवाईयात्रियों और आने वाले लोगों से इस प्रयास में अपना योगदान देने के लिए अपील करते है।