जौलीग्रांट। रानीपोखरी थाना क्षेत्र के बड़कोट पंचायत के डांडी गांव में चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डांडी गांव निवासी अशोक कुमार सोमवार को दोपहर करीब 3:30 बजे परिवार के साथ विकासनगर में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 11:40 बजे लौटे तो घर के बरामदे के शटर का ताला टूटा मिला। अंदर जांच करने पर अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था और सोने की नथ, मांगटीका, हार, पायल व बिछुए समेत लाखों के जेवर गायब मिले। ग्राम प्रधान दीक्षा भट्ट और सामाजिक कार्यकर्ता सुनील भट्ट ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से चोरों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। लगातार हो रही वारदात ने पुलिस के सामने भी चुनौती खड़ी कर दी है।
डांडी में मकान का ताला तोड़कर चोरी हुई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है। -राजेंद्र खोलिया, थानाध्यक्ष रानीपोखरी