छात्राओं से अश्लील हरकत करने के मामले में उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने शिक्षा विभाग और पुलिस को आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डोईवाला विकासखंड के एक राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षक पर कॉलेज की ही छात्राओं ने अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया था।
राज्य बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना बृहस्पतिवार को संबंधित विद्यालय पहुंचीं। मामले में विद्यालय प्रबंधन और शिक्षा विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने पर हैरानी जताई। विद्यालय में पॉक्सो कमेटी भी गठित नहीं की गई थी। शिकायत पेटी भी नए प्रधानाचार्य के आने के बाद से नहीं खोली गई। आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना ने बताया कि उनकी जानकारी में आया है कि आरोपी शिक्षक छात्राओं और अध्यापकों को धमकाता भी रहा है। कहा कि ऐसी घटनाओं के कारण ही अभिभावक निजी विद्यालयों की ओर जा रहे हैं जो चिंतनीय है। उन्होंने पुलिस और शिक्षा विभाग को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बताया कि बाल अधिकारों की जानकारी का एक पोस्टर तैयार कराया जा रहा है जिसे महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा के माध्यम से शिक्षण संस्थान और कोचिंग सेंटरों में चस्पा कराया जाएगा।