ऋषिकेश। झंडाचौक स्थित भरत मंदिर संस्कृत महाविद्यालय में देहरादून जनपद के संस्कृत के माध्यमिक स्कूल और महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में द्वितीय राजभाषा संस्कृत में नाम पट्टिकाएं और साइन बोर्ड लगाने पर चर्चा की गई। शिक्षा एवं संस्कृत शिक्षा के सहायक निदेशक डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ने बैठक में बताया कि तत्कालीन मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने राज्य के सभी विभागों के साइन बोर्ड एवं नाम पट्टिकाएं द्वितीय राजभाषा संस्कृत में लिखवाने के निर्देश जारी किए थे। इसका संज्ञान लेते हुए संस्कृत शिक्षा विभाग के सचिव दीपक कुमार ने जिम्मेदारी उठाते हुए पूरे राज्य में सैकड़ों नाम पट्टिकाएं द्वितीय राजभाषा संस्कृत में लिखवा दी हैं। खंड नोडल अधिकारियों की मॉनिटरिंग जिला नोडल अधिकारी शिवनाथ संस्कृत महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मनीषा भंडारी करेंगी। बैठक में डॉ. जनार्दन प्रसाद कैरवान, संदीप शास्त्री आदि शामिल रहे। संवाद