बापूग्राम में करीब 2.35 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन 14 कमरों का नाभा हाउस एकल छात्रावास का विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने निरीक्षण किया। निर्माणाधीन भवन में कार्य कर रहे श्रमिकों के हेलमेट न पहनने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने जब पेयजल निर्माण निगम के अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तो अधिकारी इधर-उधर देखने लगे। अधूरी जानकारी के साथ आने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। श्रमिकों ने सुरक्षा मानकों के तहत हेलमेट न पहनने पर विधायक ने अधिकारियों को फटकार लगाई। इसके अलावा साइट पर जगह-जगह कीले बिखरी होने और गुणवत्तापूर्ण कार्य न होने पर अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। विधायक ने निर्माणकार्य भवन के समीप विद्यालय होने के चलते बिखरी कीलों को हटाने और गुणवत्ता के साथ काम करने के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा उन्होंने सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर कार्य करने पर जोर दिया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष वीरभद्र सुरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता मोहित जैन, अपर सहायक अभियंता सीपी ध्यानी, पुनीता भंडारी, पूनम भंडारी, गोविंद सिंह रावत, बालम सिंह आदि मौजूद रहे।