एम्स में ई-रूपे कार्ड काउंटर का लोकार्पण करते निदेशक प्रो. रविकांत।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में सोमवार को पंजाब नेशनल बैंक की ओर से एटीएम सुविधाओं के साथ-साथ बैंकिंग सुविधा का विस्तारीकरण किया गया। संस्थान में बैंक की ओर से ई-रुपये कार्ड काउंटर की सुविधा शुरू कर की गई।
सोमवार को पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम विस्तारीकरण सुविधा व प्लास्टिक मनी कन्वर्जन काउंटर का शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रो. रवि कांत व पीएनबी के अंचल प्रबंधक सोमेंदू कुमार दास ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान प्रो. रवि कांत ने कहा कि एम्स में पीएनबी की ओर से अतिरिक्त एटीएम व अन्य बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना एक अच्छी पहल है। बैंक के इस प्रयास से संस्थान में उपचार कराने के लिए प्रतिदिन दूर दराज क्षेत्रों से पहुंचने वाले हजारों मरीजों व उनके तीमारदारों को धन आहरण की सुविधा मिल सकेगी और उन्हें इसके लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। बैंक के मुख्य प्रबंधक एसके सिन्हा ने बताया कि पीएनबी की ओर से स्थापित ई-रुपये कार्ड काउंटर पर कोई भी मरीज अपनी नकदी देकर प्री-पेड कार्ड ले सकता है। एम्स में किसी भी काउंटर पर पेमेंट के समय इसका उपयोग किया जा सकेगा। यदि उसके बाद उसके प्री-पेड कार्ड में धनराशि शेष रह जाती है तो वह ई-रुपये कार्ड काउंटर पर अपना कार्ड लौटाकर धनराशि वापस ले सकता है। इस सुविधा के लिए एम्स अथवा मरीज को बैंक को किसी भी तरह का शुल्क अथवा धनराशि नहीं देनी पड़ेगी।
इस अवसर पर एम्स के उप निदेशक प्रशासन अंशुमन गुप्ता, डीन प्रो. मनोज गुप्ता, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. ब्रह्मप्रकाश, वित्तीय सलाहकार पीके मिश्रा, पीएनबी के मंडल प्रमुख आरडी सेवक, एजीएम पीएस भंडारी, प्रभात शुक्ला, एससी पसरीचा, वरिष्ठ प्रबंधक इंद्र सिंह रावत, एलडीएम संजय भाटिया, चीफ मैनेजर संतोष कुमार सिन्हा आदि मौजूद रहे।