भूमि पट्टे की मांग को लेकर बीते 79 दिनों से आंदोलनरत कांग्रेस गरीब बेघर जन प्रकोष्ठ ने बृहस्पतिवार को नगर क्षेत्र में वादा निभाओ रैली निकाली। उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील पर प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को दिया। उन्होंने प्रदेश से सरकार गरीब बेघरों को 180 वर्ग गज भूमि के पट्टे आवंटित करने की मांग की।
कांग्रेस गरीब बेघर जन प्रकोष्ठ से जुड़े लोग भूमि पट्टे की मांग को लेकर 15 जून से आंदोलनरत हैं। वे प्रतिदिन रेलवे परिसर में धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे हैं। वहीं, 28 दिनों से क्रमिक अनशन भी जारी है। मांग के समर्थन में बृहस्पतिवार को उन्होंने धरना स्थल से तहसील परिसर तक वादा निभाओ रैली निकाली। तहसील पर जमकर प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में प्रकोष्ठ के संयोजक विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि पिछले वर्ष भी उन्होंने आंदोलन और भूख हड़ताल की थी।
18 मार्च 20015 को मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी सीएस जीना का पत्र लेकर आपदा प्रबंधन का दर्जाधारी विजय सारस्वत, मीडिया कोआर्डिनेटर राजीव जैन धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने सरकार की ओर से नया आबाद ग्रांट एक्ट बनाने का आश्वासन देते हुए अनशन स्थगित करवाया। लेकिन, अब सरकार और शासन में बैठे जिम्मेदार पदाधिकारी और अधिकारी अपना वादा भूल गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय से भूमि पट्टे आवंटित करने के लिए सरकार पर दबाव बनाने की मांग की है। बाद में उन्होंने सीएम को ज्ञापन प्रेषित किया।
रैली में सोहन सिंह रौतेला, सुमित चौधरी, गौर सिंह पंवार, हंसराज बलूनी, बलवंत सिंह बिष्ट, ऋषि कश्यप, लोकेंद्र, राहुल कुमार, छोटे लाल, सतपाल, देवेंद्र, कुसुमनाथ, राजेश्वरी, किरन नेगी, राज कुमारी, अनिता शर्मा, उर्मिला थापा व गुड्डी देवी आदि रहे। वहीं, बृस्पतिवार को क्रमिक अनशन पर अंजलि सैनी, संतोष कश्यप, सुभावती शर्मा, कमलेश देवी, पार्वती थलवाल रहीं।