हाईवे पर वैदिक नगर के पास एक गड्ढे में ऑटो पलट गया। इसमें पांच कांवड़ियों समेत छह लोग घायल हो गए। उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार की रात एक ऑटो हरिद्वार से कांवड़ियों को लेकर ऋषिकेश आ रहा था। रायवाला थाना क्षेत्र में वैदिक नगर के सामने हाईवे पर बने गड्ढे में अनियंत्रित होकर ऑटो पलट गया।
आसपास के लोगों ने बमुश्किल ऑटो को सीधा किया और घायल जानी कुमार (23) पुत्र गंगा प्रसाद, राजन कुमार (32) ब्रह्मपाल, पायल (24) पुत्री राजन निवासी हुजूपुर, मेरठ, राहुल (23) पुत्र प्रदीप वर्मा, मांटू (25) पुत्र अनिल निवासी तेजगढ़ी, मेरठ, विकास (29) पुत्र बलवीर पंवार निवासी पुलिस लाइन चंबा को ऋषिकेश सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन ने कोतवाली पुलिस को दे दी है। बताया कि हादसे में घायल पांच कांवड़िए हैं। सुबह प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।