चारधाम यात्रा के दौरान मुख्य बाजार और राजमार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए यात्रा प्रशासन ने हरिद्वार से आने वाले वाहनों को आईडीपीएल मैदान में पार्क कराना शुरू कर दिया है। यहां से वाहनों को नियंत्रित तरीके से एक-एक करके आगे भेजा जा रहा है, जिससे सड़कों पर जाम की स्थिति न बने। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने मैदान में यात्रियों की सुविधा के लिए अस्थायी कैंप भी शुरू कर दिया है।
इस व्यवस्था के चलते आईडीपीएल मैदान में वाहनों के साथ तीर्थयात्रियों की भीड़ भी लगातार बढ़ रही है। घंटों इंतजार के दौरान यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने मैदान में ही एक अस्थायी स्वास्थ्य कैंप शुरू किया है। कैंप में फार्मासिस्ट और नर्सिंग अधिकारी समेत कुल चार स्वास्थ्य कर्मचारी तैनात हैं।
यहां पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की जा रही है। बीपी, शुगर और प्राथमिक जांच के साथ जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। फार्मासिस्ट विजय गौड़ ने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से आईडीपीएल मैदान में स्वास्थ्य कैंप खोला गया है।
कहा कि जब तक मैदान में तीर्थयात्रियों की भीड़ रहेगी, कैंप में स्वास्थ्य कर्मचारी तैनात रहेंगे। गंभीर स्थिति वाले यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल रेफर करने की व्यवस्था भी की गई है। यात्रा प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि स्वास्थ्य संबंधी कोई दिक्कत होने पर तुरंत कैंप में संपर्क करें और बिना जांच के आगे की यात्रा शुरू न करें।