ऋषिकेश। मायाकुंड मार्ग स्थित पुराना टिहरी बस अड्डा के समीप एक कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान में आग की लपटें उठाता देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। दुकान स्वामी ने इसकी सूचना दमकल कर्मियों को दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशकत के बाद करीब ढाई घंटे बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब कि आग की लपटों से दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि मायाकुंड में पुराना टिहरी बस अड्डा के समीप मधुसूदन गुप्ता पुत्र नत्थीराम गुप्ता की अलंकार वस्त्र भंडार के नाम से एक दुकान है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे दुकान में अचानक आग लग गई। इससे स्थानीय व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया। दुकान स्वामी ने दमकल कर्मियों को इसकी सूचना दी। दमकल के आने तक दुकान स्वामी स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बाल्टी में पानी भरकर आग बुझाने में जुट गए। लेकिन आग की लपटें कम नहीं हुई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब 3.30 बजे तक आग पर काबू पाया। दुकान में आग लगने का कारण कोतवाली पुलिस ने प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट बताया है।वहीं दुकान स्वामी ने बताया कि आग की इस घटना में उसका लाखों का नुकसान हुआ है। कहा पहले कोरोना की मार और अब आगजनी की घटना से बहुत नुकसान हुआ है।