ऋषिकेश। पर्वतीय इलाकों में लगातार हो रही बारिश के चलते मंगलवार को गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के काफी समीप रहा। सुबह के समय गंगा के स्तर में वृद्घि देखी गई जो दोपहर तक थोड़ी ही कम हुई।
मंगलवार को त्रिवेणी घाट में अन्य दिनों की अपेक्षा गंगा सुबह से अपने उफान पर नजर आई। इस दौरान घाट की सीढ़ियां जलमग्न नजर आईं। सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 338.27 मीटर, तो दोपहर ढाई बजे 338.18 मीटर रहा। बता दें कि सिंचाई विभाग की ओर से 339.5 मीटर पर खतरे का निशान लगाया गया है। सहायक अभियंता मंगल सिंह ने बताया कि पहाड़ों में हो रही लगातार बारिश के कारण गंगा में जलस्तर में वृद्घि हो रही है। उन्होंने बताया कि बीते दो दिनों से गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के समीप बह रहा है।