पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर इलाके में भी देखने को मिल रहा है। गंगा का जल स्तर लगतार बढ़ता जा रहा है। इस समय गंगा चेतावनी रेखा से 11 सेंटी मीटर ऊपर बह रही है। बढ़ते जल स्तर को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। लोगों से नदी तट की ओर न जाने की अपील की गई है। जल पुलिस ने गंगा घाटों पर हाईअलर्ट की घोषणा की। जिसके चलते यात्री, पर्यटक मोक्षदायिनी गंगा में बुधवार को डुबकी लगाते हुए नहीं दिखाई दिए।
बुधवार की सुबह से ही गंगा उफान पर है। जल स्तर में हर घंटे उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। ऋषिकेश में गंगा का वार्निग लेवल 339.50 मीटर है। सायं तीन बजे के लगभग गंगा का जल स्तर 339.61 मीटर पहुंच गया था। जो चेतावनी स्तर से 11 सेंटीमीटर अधिक है। लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम क्षेत्र में गंगा नदी घाटों को छूकर बह रही है। गंगा तटों और घाटों पर कोई अनहोनी न हो, इसके लिए पुलिस-प्रशासन की दिनभर घाटों पर निगरानी रही।
एसडीएम कुश्म चौहान ने बताया कि गंगा का जल स्तर बढ़ने पर फिलहाल खतरे जैसे कोई बात नहीं है। नदी तटों पर रहने वाले लोगों को सतर्क जरूर कर दिया गया है। केंद्रीय जल आयोग कर्मचारी शंकर ने बताया कि सुबह की अपेक्षाकृत सांय को गंगा के जल स्तर में कमी आई है। देर रात तक जल स्तर में और कमी आने की उम्मीद है।
यह रही गंगा के जलस्तर की स्थिति
6 बजे - 339.30 मीटर
8 बजे- 339.38 मीटर
10 बजे- 339.42 मीटर
12 बजे- 339.53 मीटर
2 बजे- 339.58 मीटर
3 बजे - 339.61 मीटर
शाम 6 बजे- 339.52 मीटर