ऋषिकेश। विश्व दृष्टि दिवस पर रोटरी क्लब ऋषिकेश क्लासिक के सहयोग से मालवीय मार्ग स्थित ब्रह्मदेवी राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-7 में निशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया। शिविर में तीन दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं की आंखों की जांच कर उन्हें नेत्र सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। शिविर का शुभारंभ रोटरी ऋषिकेश क्लासिक के संस्थापक राकेश अग्रवाल और विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ममता गौड़ ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजे नेगी ने सहयोगी मनोज नेगी के साथ बच्चों की दृष्टि और कलर विजन की जांच की। कुछ बच्चों में दूर की दृष्टि कमजोर मिलने पर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श के साथ चश्मा लगाने की सलाह दी गई। डॉ. राजे नेगी ने कहा कि दृष्टि है तो सृष्टि है। आंखों को स्वस्थ रखने के लिए पौष्टिक आहार जरूरी है। बच्चों को हरी सब्जियां, मौसमी फल और दूध को भोजन में शामिल करने की सलाह दी। उन्होंने मोबाइल, टीवी और कंप्यूटर के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने तथा लगातार स्क्रीन देखने के बीच आंखों को आराम देने की बात कही।