उत्तरकाशी के सिलक्यारा में सुरंग धंसने के बाद अंदर फंसे करीब 36 लोगों को निकालने के लिए एसडीआरएफ मुख्यालय जौलीग्रांट से चार टीम को भेजा गया है। 24 घंटे रेस्क्यू चलाया जा रहा है। बुधवार तक सभी फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने की उम्मीद जताई जा रही हैं।
सिलक्यारा टनल में फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए एसडीआरएफ की चार टीम के तीस जवान व अधिकारियों को तैनात किया गया है। एनडीआरएफ, बीआरओ, आईटीबीपी और अन्य एजेंसियां राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मौके पर रेस्क्यू कार्य में जुटे एसडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट विजेंद्र डोभाल ने कहा कि टनल से मिट्टी हटाने के साथ ही कुछ अन्य विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। अच्छी बात ये है कि अंदर सभी लोग सुरक्षित हैं।
ऑक्सीजन पाइप से खाने-पीने की चीजें भेजी जा रही हैं। कहा कि करीब 60 मीटर का पैच है। जिसमें मलवा हटाया जाना है। कहा कि हरिद्वार से पाइप मंगवाए गए हैं। जिन्हें सुरंग के अंदर डालकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने पर विचार किया जा रहा है। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर जगदंबा डोभाल ने कहा कि करीब 20 मीटर मलवा हटा लिया गया है। रेस्क्यू टीम के करीब 120 लोग मोर्चा संभाले हुए हैं। अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है।
Iऑक्सीजन पाइप से आवाज देकर पूछ रहे कुशलक्षेमI
ऑक्सीजन पाइप के जरिए फंसे हुए लोगों तक खाने-पीने की चीजें पहुंचाई जा रही हैं। इसी पाइप से आवाज देकर दोनों तरफ के लोग एक-दूसरे से कुशलता की जानकारी ले रहे हैं।