उद्यमिता कार्यक्रम के लिए चार विद्यार्थी चयनित
ऋषिकेश। पीएलएमएस परिसर के चार छात्रों का चयन आईआईएम काशीपुर में 16 से 21 सितंबर तक आयोजित छह दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम के लिए हुआ है। चयन तीन दिवसीय आवासीय बूटकैंप में उनकी सक्रिय सहभागिता, प्रदर्शन और उद्यमिता क्षमता के आधार पर किया गया। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन एंटरप्रेन्योरशिप एंड इन्क्यूबेशन की निदेशक एवं देवभूमि उद्यमिता योजना की नोडल अधिकारी प्रो. अनीता तोमर ने बताया कि आईआईएम काशीपुर का कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यावसायिक विचारों को व्यवहार्य प्रारंभिक उद्यमों में विकसित करने पर केंद्रित है। इसमें विशेषज्ञ मार्गदर्शन, मेंटरिंग, तकनीकी सहयोग और व्यावहारिक अनुभव दिया जाएगा। कार्यक्रम में परिसर के अभिषेक घनसाला, मोहित खंडूड़ी, आयुष कुकरेती और मुस्कान प्रतिभाग करेंगे। परिसर निदेशक प्रो. एमएस रावत ने भी चयनित छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह चयन परिसर के लिए गौरव का विषय है। कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने कहा कि प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रशिक्षण और विशेषज्ञ मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल को विस्तार मिलेगा। संवाद