डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा लालतप्पड़ हरिद्वार हाईवे, हर्रावाला रेलवे स्टेशन और मियांवाला में हुआ है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की।
डोईवाला के कोतवाल राजेश साह ने बताया कि सोमवार देर रात 1:15 बजे पुलिस को फ्लैक्स फूड कंपनी लालतप्पड़ के पास हाईवे में दुघर्टना में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल लोगों को आपातकालीन वाहन 108 से हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
बताया कि कार में तीन लोग सवार थे। अज्ञात वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार तीनों बुरी तरह से फंस गए थे। पुलिस ने माया गुरुंग (55) पत्नी डीबी गुरुंग, कैलाश गुरुंग पुत्र डीबी गुरुंग और कुमार निवासी कुंज फार्म थाना रानीपोखरी को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने माया गुरुंग और कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल कैलाश का हिमालयन अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कार की टक्कर लगने से बुजुर्ग की मौत
हर्रावाला चौकी पुलिस क्षेत्र के रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक कार चालक ने बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग की शिनाख्त नहीं होने से पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया है। कोतवाल राजेश साह ने बताया कि कार की टक्कर लगने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गइ थी। शिनाख्त नहीं होने पर नियमानुसार 72 घंटे के लिए शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।