ऋषिकेश। विश्व बैंक की ओर से ऋषिकेश देहात अर्द्धनगरीय (पेरी अर्बन) पेयजल योजना के पहले चरण के कार्य का शुभारंभ हो गया है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और मेयर अनीता ममगाईं ने टीएचडीसी के गेट नंबर एक के पास बन रहे ट्यूबेल का शिलान्यास किया।
बृहस्पतिवार को पेयजल योजना के शिलान्याय कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि योजना के तहत जोन-1 में इंदिरा नगर, नेहरू ग्राम, प्रगति विहार, शैल बिहार को रखा गया है। इस योजना के माध्यम से जोन-1 में 550 किलोलीटर का ओवरहेड टैंक, एक नलकूप और 12.20 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाए जाने का कार्य किया जाना है। यह प्रोजेक्ट 67.28 करोड़ रुपये का है। इस पेयजल योजना के माध्यम से हजारों लोगों को शुद्ध पेयजल मिल सकेगा। सभी जोन में 10 नलकूप और ओवरहेड टैंकों का निर्माण किया जाना है। वहीं मेयर अनीता ममगाईं ने कहा कि विश्व बैंक के इस प्रोजेक्ट से नगर निगम के 14 वार्डों को लाभ मिलेगा। लोगों को उच्च गुणवत्ता वाला शुद्ध पानी वाली पानी मिलेगा। जिससे लोगों को पेयजल कनेक्शन पर मोटर न लगानी पड़े। इस अवसर पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एपी सिंह, सहायक अभियंता बीएस रावत, कनिष्ठ अभियंता मनोज डबराल, दिनेश सती, पार्षद राजेंद्र बिष्ट, विपिन पंत, पार्षद शारदा सिंह, दशरथ दुबे, निर्मला उनियाल, ऋषि राजपूत, जयेश राणा, अरुण बडोनी, सुमित पंवार, जयंत शर्मा, रवि थपलियाल, आदि उपस्थित थे।