स्वर्गाश्रम स्थित चौरासी कुटिया में विदेशी युगल से हाथापाई करने वाले राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के कर्मचारियों पर दूसरे दिन भी कार्रवाई नहीं हुई। मामले में पुलिस और रिजर्व पार्क प्रशासन जिम्मेदारी से बचते हुए लीपापोती करने में जुटे हुए हैं।
वहीं, पीड़ित विदेशी युगल दूसरे दिन क्षेत्र में कहीं नजर नहीं आया। बताया जा रहा कि कार्रवाई नहीं होने से मायूस विदेशी अतिथि अपने वतन लौट गए हैं।
बीते सोमवार को स्वर्गाश्रम क्षेत्र स्थित चौरासी कुटिया में अतिथि देवो भव: की राजाजी टाइगर रिजर्व के कर्मियों ने खुलेआम धज्जियां उड़ार्इं। आरोप है कि चौरासी कुटिया में तैनात वन कर्मियों ने सादी वर्दी में कुटिया भ्रमण के लिए आए एक विदेशी पर्यटक से मारपीट की और उसकी महिला साथी को डराया धमकाया।
बताया जा रहा कि चौरासी कुटिया में प्रवेश शुल्क को लेकर विवाद हुआ था, जिस पर यहां सादी वर्दी में तैनात कर्मियों ने विदेशी अतिथियों के साथ बदसलूकी की। मामले में ब्रिटिश नागरिक एलिसा ने लक्ष्मणझूला थाने में शिकायत की। कार्रवाई नहीं होने पर विदेशी युगल ने संबंधित दूतावास को अवगत कराया।
लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच रिपोर्ट पुलिस क्षेत्राधिकारी पौड़ी और पार्क के उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। उनके दिशा निर्देश पर ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
विदेशी अतिथि से हुई घटना की रिपोर्ट बुधवार को प्राप्त हुई है। मामला संज्ञान में लेकर पीड़ित विदेशी युगल को स्वर्गाश्रम, तपोवन, मुनिकीरेती में तलाश करवाया गया, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। उनके सामने आने पर ही जांच आगे बढ़ सकेगी।
-धन सिंह तोमर, पुलिस क्षेत्राधिकारी , पौड़ी
पार्क निदेशक ने कॉल रिसीव नहीं की
चौरासी कुटिया में विदेशी अतिथि के साथ बदसलूकी करने वालों पर क्या कार्रवाई की गई यह जानने के लिए पार्क निर्देशक नीना ग्रेवाल से उनके मोबाइल नंबर 9412084346 पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।